Posts

हम फिर मिलेंगे

Image
चाँद आधा जब पूर्ण की और चल देगा  सूर्य जब सवेर को खिलने का बल देगा  हम वहाँ भोर में फिर मिलेंगे  तुम आना एक डब्बा दाना लेकर  मैं ले आऊंगा भूखे पक्षी कुछ  जब तक वह उन्हें चुगेंगे  छठ रही ओस में हम फिर मिलेंगे  केतली यादों की मैं लाऊँगा  कप और बातें तुम ले आना  आधा आधा कप साथ भरेंगे  अरसों बाद चाय पर फिर मिलेंगे  रौशनी भूखी जब तारे खा जाएगी काम निपटा चुकी माँ जब उठने की डाँट लगाएगी बस अभी उठ गए का जब झूठा वादा करेंगे  पौने जगे सपनों में हम फिर मिलेंगे

साधन हो तुम

Image
क्रोध से भरी भीड़ में अमन का साधन हो तुम   चक्रव्यूह में लड़ते अभिमन्यु के साहस का साधन हो तुम  देशों में चलती आ रही लंबी लड़ाई  की सुलह का साधन हो तुम  मेरे भीतर उठ रहे विवादों  को संवाद देने का साधन हो तुम हर क्षण घट रही मृत्यु  को जीवन देने का साधन हो तुम  घृणा में भटक रहे इस संसार  को अनुराग के राह का साधन हो तुम  साधन हो तुम  वृक्ष में अंकुरित ऋतु फल का  मेरे आज और इस समय के पल का  साधन हो तुम  मेरी रचना का, मेरे काव्य का, मेरे गीत का  साधन हो तुम  मेरे हृदय की धड़कन के संगीत का

मेरी कल्पना

Image
विशाल चट्टानों में से उपजा जो एक वृक्ष दिख रहा है  वैसे है मेरी कल्पना  मुठ्ठी में पकड़ी रेत जो सर सर गिरते चली जा रही है  वैसी है मेरी कल्पना  चिल्लाते शहर के शोर की जो वन से सुलह करवा रही है  वैसी है मेरी कल्पना  मृत्यु के आगमन पर जो नए जीवन का आभार मना रही है  वैसी है मेरी कल्पना  दुःख और सुख को भोगता से द्रष्टा की और जो ले जा रही है  वैसी है मेरी कल्पना  गहरे दब चुके ढेरों सत्य को जो खोद खोद प्रस्तुत करते चली जा रही है  वैसी है मेरी कल्पना स्त्री को पुरुष के भय से और पुरुष को स्त्री की देह से  जो मुक्त कर दे पा रही है ऐसी है मेरी कल्पना

घर क्या है?

Image
जीवित कोई नदी शांत सागर में बिन सड़क बने पहुँच रही हो वह घर है अनसुनी प्रतिभा, उपहास से उलझ कर विश्व प्रसिद्धि में पहुँच रही हो  वह घर है स्त्री की देह, दुर्बल नर की लठ से नहीं प्रेम की हठ से पहुँच रही हो वह घर है रात की नींद शारीरिक थकान से नहीं दिन के आभार और नए सूर्य की स्वीकृति से पहुँच रही हो वह घर है आस्था हमारी अप्राकृतिक कार्यों को ख़ारिज कर समता में पनप रहे जीवन दर्शन से हम तक पहुँच रही हो वह घर है   विभिन्न शैली की पुस्तकें अनावश्यक वस्त्रों को त्याग आप तक पहुँच रही हो वह घर है मृत्यु किसी भय से नहीं मधुर और संतुष्ट हास्य से लिपट कर पहुँच रही हो वह घर है

अंत क्या है?

Image
सागर इधर का अंत है या अंत है उधर वाला  प्रेम का आना अंत है या अंत है उसका लौट जाना  श्वास पहला अंत है या अंत है अंतिम वाला  सूर्य पूर्व का अंत है या अंत है पश्चिम वाला बेनाम अमीरी अंत है या अंत है प्रसिद्धि का आना  कवि सराहना अंत है या अंत है कवि हो जाना  पिता होना अंत है या अंत है पिता जैसा हो जाना    स्त्री का स्नेह अंत है या अंत है उसके क्रोध का आना  दर्शन होना अंत है या अंत है दार्शनिक बन जाना  माँ बनना अंत है या अंत है माँ का चले जाना   मैं स्वयं अंत हूँ या अंत है मेरा पुनर्जन्म में जाना   और मेरे भीतर के प्रश्न अंत है या अंत है मेरा मौन हो जाना

मुझे शुन्य हो जाना है।

Image
मुझे स्थिर हो जाना है, हिमाचल के गाँव के जीवन की तरह। मुझे सचेत हो जाना है, शिशु के रोते ही माँ की तरह। मुझे निष्पक्ष हो जाना है, बुद्ध के सिखाए धर्म की तरह। मुझे नीरव जो जाना है, प्रेम-धागे से बुनी स्त्री की तरह। मुझे मौन हो जाना है, विपश्यना करते संत की तरह। मुझे गतिहीन हो जाना है, विशाल पर्वत पर सनी बर्फ़ की तरह। मुझे मृत्यु हो जाना है, बीत चुके हर क्षण की तरह। मुझे सरल हो जाना है, जीवनज्ञान से पूर्ण मेरी प्रेमिका की तरह। मुझे शिथिल हो जाना है,   शेषनाग तले सो रहे विष्णु की तरह। मुझे सुगंध हो जाना है, कमल सुगन्धित द्रौपदी की तरह। मुझे जीवन हो जाना है, मनुष्य रहित वन की तरह। और मुझे शब्द हो जाना है, कवि द्वारा रचने वाली हर कविता की तरह।

प्रश्न, जो मौन है।

Image
मैं मौन सोया करता हूँ कितने ही स्वरों के बिस्तर पर, वो स्वर कोई सुन नहीं रहा, बस छोड़कर, रात के जुगनू और दिन के पक्षियों को।  लोभ और तृष्णा से भरे जीवित शव, कभी मेरे समीप आकर बैठ जाते है, रहस्य पूछते है इस मौन जीवन का, मैं उनसे, मौन रहकर उस रहस्य को स्पष्ट करता हूँ, भीतर रच रही मानसिक चिंताओं को नष्ट करता हूँ।  वर्ण करता हूँ उनसे, मौन रहना कितना ही आवश्यक है, जैसे दिन हो जाता है मौन रात में, जैसे साधक हो जाते है मौन गुरु-ज्ञानी की बात में, जैसे पक्षी हो जाते है मौन बरसात में।  पत्तियाँ झाड़ देता हूँ मोह की स्नेह के वृक्ष से, फिर तप करता हूँ उस वृक्ष के नीचे मौन होकर, जैसे एक पत्ती नदी की धारा के साथ बहती जाती है, शांत बहने लगता हूँ सुखद-दुःखद संवेदनाओं के साथ।    प्रश्न जो मौन थे, मौन से उनके उत्तर जान रहा हूँ, घृणा, स्वार्थ, अहंकार, और देह, सब झूठ है,  मौन में रहकर यह सच मान रहा हूँ।